मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने गांवों का किया भ्रमण-फसलों की स्थिति का लिया जायजा फसल के नुकसान की भरपाई फसल बीमा और राहत राशि से करेंगे- सुश्री ऊषा ठाकुर
इन्दौर 29 अगस्त,2020 पर्यटन, संस्कृति व आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज महू क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। मंत्री सुश्री ठाकुर ने अतिवर्षा के कारण खराब हुई फसलों को देखा। शनिवार को सुबह-सुबह बारिश में ही मंत्री सुश्री उषा ठाकुर कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों के साथ गांवों में किसानों के बीच पहुंची। उन्होंने किसानों से चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया कि संकट के इस समय में प्रदेश सरकार किसानों का हर संभव ध्यान रखेगी। फसल बीमा और राहत राशि के तहत हर किसान की सहायता की जाएगी। सुबह 7 बजे से सुश्री उषा ठाकुर ने नागदा, हरसोला, कोदरिया, गवली पलासिया, जामली, बिचोली, जानापाव कुटी और नांदेड़ गांव में जाकर फसलों की स्थिति देखी।
मंत्री सुश्री ठाकुर ने किसानों से चर्चा कर फसलों की खराब स्थिति पर चिंता जाहिर की। सुश्री ठाकुर ने कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में प्रदेश की सरकार किसानों के साथ है। सोयाबीन फसलों की नुकसानी की भरपाई हरसम्भव की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए फसल बीमा के अलावा राहत राशि को लेकर भी मुख्यमंत्री जी से चर्चा करूंगी। हमारे मुख्यमंत्री जी भी किसान पुत्र है। इसलिए किसान परिवार खुद को अकेला नहीं समझे। उन्होंने बताया कि 6 सितम्बर को 45 सौ करोड़ की राशि 19 लाख किसानों के खाते में जमा की जाएगी। सरकार किसानों के साथ है। इस दौरान सुश्री ठाकुर के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार, श्री कंचन सिंह चौहान सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कृषि वैज्ञानिक मौजूद थे।
Comments
Post a Comment